Video

Advertisement


मप्र का राजगढ़ लगातार दूसरे दिन रहा देश का सबसे गर्म शहर
bhopal, MP

भोपाल। मध्य प्रदेश में बीते दिनों हुई बारिश के बाद तीन दिन से मौसम साफ हो गया है और इसके साथ ही सूरज ने भी तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। बुधवार को प्रदेश में सबसे अधिक 43 डिग्री सेल्सियस तापमान राजगढ़ में दर्ज किया गया, जो प्रदेश में इस सीजन का सबसे अधिक तापमान है।

प्रदेश का राजगढ़ लगातार दूसरे दिन देश के सबसे गर्म शहरों में

इसके साथ ही राजगढ़ बुधवार को लगातार दूसरे दिन देश के सबसे गर्म शहरों में पहले नंबर पर रहा। इससे पहले मंगलवार को भी राजगढ़ देश के गर्म शहरों में पहले नंबर पर रहा था। राजधानी भोपाल में लगातार दूसरे दिन तेज गर्मी रही। बुधवार को तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि इंदौर में पारा 38.3 डिग्री रहा। वहीं, जबलपुर में 39.8 और ग्वालियर में तापमान 39.3 डिग्री तक पहुंच गया।

प्रदेश के 10 शहरों में रहा पारा 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक

 

इस संबंध में मौसम विभाग में वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में मध्य प्रदेश के मौसम को प्रभावित करने वाली कोई मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। आसमान साफ रहने के कारण तेज धूप निकल रही है। इससे गर्मी के तेवर तीखे होने लगे हैं। बुधवार को प्रदेश के 10 शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो गुरुवार–शुक्रवार को भी गर्मी के तेवर इसी तरह रहेंगे। हालांकि, इस दौरान इंदौर संभाग के जिलों में कहीं–कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है। इसके बाद 15 अप्रैल से एक बार फिर प्रदेश में कहीं–कहीं बादल छा सकते हैं।

 

 

विदर्भ से लेकर कर्नाटक तक बनी ट्रफ लाइन

वातावरण से नमी कम होने के कारण प्रदेश के अधिकतर शहरों से बादल छंट गए हैं। इस वजह से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला शुरू हो गया है। मौसम का इस तरह का मिजाज अभी दो दिन तक बना रहेगा। हालांकि विदर्भ से लेकर कर्नाटक तक बनी ट्रफ लाइन के कारण गुरुवार–शुक्रवार को इंदौर संभाग के जिलों में कहीं–कहीं बादल छाएंगे। साथ ही बूंदाबांदी भी हो सकती है। उधर, 15 अप्रैल को एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में प्रवेश करने जा रहा है। उसके असर से एक बार फिर वातावरण में नमी बढ़ने से मध्य प्रदेश में बादल छाने लगेंगे। इससे तापमान में कुछ गिरावट होने की संभावना है।

उल्लेखनीय है कि बुधवार को देश में 43 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राजगढ़ देश में सबसे अधिक गर्म शहर रहा। दूसरे नंबर पर झारखंड का झारसुगड़ा नगर रहा। यहां भी दिन का अधिकतम तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा 42.5 डिग्री के साथ ओड़िशा का बारीपदा तीसरे, 45.5 डिग्री के साथ आंध्रप्रदेश का करनूल शहर चौथे और 42.2 डिग्री के साथ आंध्रप्रदेश का नंदीगामा पांचवें स्थान पर रहा।

Kolar News 13 April 2023

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.