Advertisement
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को हरी झंडी दिखाकर जिस रानी कमलापति-निजामुद्दीन वंदे भारत ट्रेन का शुभारंभ किया है, उससे न सिर्फ राजधानी दिल्ली के साथ संपर्क आसान होगा, बल्कि यह ट्रेन मध्यप्रदेश के विकास को गति प्रदान करेगी।
यह बात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने शनिवार को रानी कमलापति-निजामुद्दीन वंदे भारत ट्रेन सेवा के शुभारंभ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कही।
ट्रेन सेवा के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शर्मा ने कहा कि वंदे भारत ट्रेन आत्मनिर्भर भारत एवं स्वदेशी तकनीकी कौशल की प्रतीक है। यह ट्रेन सिर्फ रफ्तार के मामले में ही अन्य ट्रेनों से अलग नहीं है, बल्कि सुरक्षा और तकनीकी के मामले में भी यह विश्व स्तरीय है। इस ट्रेन सेवा की शुरुआत से राजधानी दिल्ली जाने वाले यात्रियों का समय तो बचेगा ही, देश-विदेश के उन पर्यटकों को भी आसानी होगी जो मध्यप्रदेश आना चाहते हैं। इस ट्रेन सेवा की शुरुआत से प्रदेश के पर्यटन उद्योग एवं व्यापार को बल मिलेगा। कुल मिलाकर देखा जाए, तो यह ट्रेन तेजी से विकसित हो रहे मध्यप्रदेश के विकास को नई रफ्तार प्रदान करेगी। विष्णुदत्त शर्मा ने वंदे भारत ट्रेन सेवा की शुरुआत पर राजधानी भोपाल समेत पूरे प्रदेश के नागरिकों को बधाई दी है।
Kolar News
1 April 2023
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.
Created By: Medha Innovation & Development
|