Video

Advertisement


मप्र का नया जिला बनेगा मऊगंज
bhopal, Mauganj ,new district , MP

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि सरकार का मऊगंज तहसील को जिला बनाने का वादा आज पूरा हो रहा है। चार तहसील मऊगंज, हनुमना, नईगढ़ी और देवतालाब को मिलाकर मऊगंज प्रदेश का नया जिला होगा। आज से ही जिला बनाने की प्रक्रिया प्रारंभ हो जायेगी। आगामी 15 अगस्त को जिला मुख्यालय पर तिरंगा फहराया जाएगा।

 

 

मुख्यमंत्री ने यह घोषणा शनिवार को रीवा जिले के मऊगंज में जन-कल्याण कार्यक्रम में की। कार्यक्रम में उन्होंने मुख्यमंत्री जन-कल्याण (संबल) योजना 2.0 में प्रदेश के 27 हजार 310 श्रमिक परिवारों के खातों में 605 करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की। साथ ही 738 करोड़ 92 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किये। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा विकास, उपलब्धियों एवं नवाचारों पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

 

 

लाडली बहना योजना प्रदेश की बहनों को भाई का उपहार

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं प्रदेश की बहनों का सौतेला नहीं सगा भाई हूँ। मैं हमेशा उनके कल्याण की सोचता रहता हूँ। एक दिन सुबह चार बजे मेरे मन में संकल्प आया कि मैं अपनी बहनों को राखी का उपहार दूँ और यह उपहार एक दिन नहीं, हर महीने दिया जाए। लाडली बहना योजना प्रदेश की बहनों को अपने भाई का उपहार है। इसके फार्म भरना 25 मार्च से शुरू हो जायेंगे और जून माह से 1000 रुपये हर महीना बहनों को मिलेंगे। इसके लिये बहनों को कहीं जाने की जरूरत नहीं है। सरकारी कर्मचारी शहर, गाँव और वार्डों में आयेंगे और फार्म भरवाएंगे।

 

 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के लिये बहन और बेटियों का सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है। मध्य प्रदेश की धरती पर बेटियाँ अभिशाप नहीं वरदान हैं। बेटियों के प्रति दुराचार करने वालों के लिये फाँसी का प्रावधान है। प्रदेश में 44 लाख 20 हजार लाडली लक्ष्मियां हैं। कन्या विवाह और प्रसूति सहायता जैसी योजनाएँ चलाई जा रही हैं। मेधावी विद्यार्थी योजना में पहले लैपटाप दिया जा रहा था। साथ ही अब जो बेटी गाँव में 12वीं कक्षा में सर्वाधिक अंक लायेगी, उसे ई-स्कूटी भी दी जायेगी। मेधावी विद्यार्थी योजना में उच्च शिक्षा की फीस शिवराज मामा भरवा रहा है। प्रदेश में मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई भी हिन्दी में प्रारंभ की गई है।

 

 

चौहान ने कहा कि संबल गरीबों के कल्याण की योजना है। इसमें गरीब परिवारों को जन्म से लेकर पढ़ाई-लिखाई आदि विभिन्न प्रकार की सहायता दी जाती है। दुर्घटना में मृत्यु पर परिवार को 4 लाख, सामान्य मृत्यु पर दो लाख और नि:शक्तता पर एक लाख रुपये सहायता दी जाती है। पूर्व सरकार ने यह योजना बंद कर दी थी और बड़ी संख्या में हितग्राहियों के नाम काट दिये थे। हमारी सरकार ने पुन: योजना शुरू कर नाम जोड़ने का कार्य भी किया है। अभी तक 13 लाख कटे हुए नाम जोड़े जा चुके हैं।

 

 

एक लाख युवाओं को मिलेगा सीखो और कमाओ योजना का लाभ

उन्होंने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। "सीखो और कमाओ" योजना में लगभग एक लाख युवाओं को आगामी एक वर्ष में लाभ दिया जाएगा। प्रदेश में एक लाख 24 हजार सरकारी पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चालू है। इसके अलावा एक लाख युवाओं को स्व-रोजगार से जोड़ा जा रहा है। पिछली सरकार में डिफाल्टर हुए किसानों के ब्याज की 2 हजार 500 करोड़ रुपये की राशि हमारी सरकार भरेगी।

 

मुख्यमंत्री ने मऊगंज में टाउन हॉल निर्माण, औद्योगिकी क्षेत्र में विकास कार्य, हनुमना में डिग्री कॉलेज, घाट निर्माण, रोड निर्माण और जनजातीय उप योजना में विभिन्न कार्य कराये जाने की घोषणा भी की।

 

 

विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने कहा कि आज का दिन मऊगंज के लिये अत्यंत गौरवशाली और ऐतिहासिक है। आज मुख्यमंत्री चौहान के प्रयासों से मऊगंज को जिला बनाने की वर्षों पुरानी माँग पूरी हो रही है। यह हमारे लिये खुशी, आनंद और उत्सव का दिन है।

 

कार्यक्रम में श्रम एवं खनिज साधन मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह, क्षेत्रीय सांसद जनार्दन मिश्रा, विधायक प्रदीप पटेल ने भी संबोधित किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री राजेन्द्र शुक्ला, विधायक नागेन्द्र सिंह, केपी त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कौल सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

Kolar News 4 March 2023

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.